भोपाल

आतंक और गुंडागर्दी की समाप्ति, पृथ्वीपुर के विकास के लिए भाजपा को जिताना है* - शिवराज सिंह

भोपाल

*आतंक और गुंडागर्दी की समाप्ति, पृथ्वीपुर के विकास के लिए भाजपा को जिताना है*

- शिवराज सिंह

 

निवाड़ी। कांग्रेस का शासनकाल गुंडागर्दी और आतंक का पर्याय बन गया था। चंबल से लेकर चित्रकूट और पृथ्वीपुर तक आतंक का राज था। गरीबों को दबाया जा रहा था, उनके लिए आवाज उठाने वालों को खत्म किया जा रहा था। भाजपा की सरकार आने के बाद इस आतंक का खात्मा हुआ। ये आतंक फिर न लौटे और पृथ्वीपुर विकास के रास्ते पर तेजी से चले, इसके लिए इस उपचुनाव में आप सभी का समर्थन जरूरी है। यह बात मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने पृथ्वीपुर में पार्टी प्रत्याशी डॉ. शिशुपाल यादव के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कही।

लोकतंत्र में आतंक से दबाई नहीं जा सकती जनता की आवाजः शिवराजसिंह चौहान

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जब कांग्रेस का शासन था,  मिस्टर बंटाढार मुख्यमंत्री थे, तो चंबल के बीहड़ों से लेकर चित्रकूट तक डाकुओं का आतंक था। मैंने मुख्यमंत्री बनते ही कह दिया था कि या तो मध्यप्रदेश में ये डाकू रहेंगे या शिवराज सिंह चौहान रहेगा। भाजपा सरकार बनने के बाद चंबल से लेकर चित्रकूट तक के डाकुओं का सफाया कर दिया। पृथ्वीपुर में हमारे नेता और हमेशा गरीबों की आवाज उठाने वाले सुनील नायक की हत्या करवा दी गई। वे गरीबों के लिए आवाज बुलंद करते थे तो इन्होंने उनकी आवाज को ही हमेशा के लिए बंद कर दिया। वे हमारे लिए शहीद हुए हैं,  उनकी पृथ्वीपुर में प्रतिमा लगाई जाएगी। श्री चौहान ने कहा कि अब यहां पर आतंक का खतरा नहीं है अब तो यहां के लोग खुशहाली में जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र है और यहां पर जनता की आवाज ही सर्वोपरि है। लोकतंत्र में जनता की आवाज को नहीं दबाया जा सकता।

पैसों के लिए रोने वाला मुख्यमंत्री नहीं चाहिए

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कमलनाथ जब मुख्यमंत्री थे तो हमेशा पैसों के लिए रोते रहते थे। उनके मंत्री, विधायक विकास कार्यों के लिए जाते थे तो कहते थे कि पैसे नहीं हैं। उनके पास गरीबों के हितों के काम, विकास कार्यों के लिए पैसे नहीं थे, लेकिन आईफा अवार्ड जैसे आयोजन के लिए करोड़ों रूपए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के गरीबों, किसानों के साथ छल किया है। इन्होंने किसानों के बीमा के 2200 करोड़ रूपए नहीं जमा किए। कांग्रेस ने किसानों से कर्जमाफी का वादा भी किया था, लेकिन वह भी पूरा नहीं किया। आज तक किसान उनके कारण डिफाल्टर हैं। कांग्रेस ने हमारी योजनाओं को बंद कर दिया, जिससे गरीबों को उनका अधिकार नहीं मिल सका।

पृथ्वीपुर को भयमुक्त बनाकर विकासयुक्त बनाना हैः विष्णुदत्त शर्मा

प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में गुंडागर्दी और आतंक चरम पर था। लोगों को भय के साये में जीवन जीना पड़ता था। चंबल से लेकर चित्रकूट और पृथ्वीपर तक में जमकर आतंक और गुंडागर्दी थी। कांग्रेस के नेताओं ने हर गरीब को आतंकित कर रखा था। लेकिन अब यह स्थितियां नहीं हैं। अब पृथ्वीपुर से भी आतंक और गुंडागर्दी को समाप्त करना है, इसके लिए भाजपा को लेकर आना है। श्री शर्मा ने कहा कि अब पृथ्वीपुर को भयमुक्त बनाकर इसको विकासयुक्त भी बनाना है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा है कि इस देश के अंदर आतंकवाद नहीं चलेगा। देश के अंदर से आतंकवाद का खौफ निकल रहा है तो मध्यप्रदेश में भी यह नहीं चलेगा।

भाजपा ने बनाया मध्यप्रदेश को विकास प्रदेश

श्री शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश को विकास का प्रदेश भाजपा सरकार ने बनाया है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने हर वर्ग के लोगों के कल्याण के लिए योजनाएं चलाईं और आज उन योजनाओं के माध्यम से गरीबों का उत्थान हुआ है। उनका जीवन स्तर सुधरा है। कांग्रेस तो सिर्फ बातें करती थीं, लेकिन भाजपा ने जमीनी स्तर पर कार्य करके दिखाया है। कांग्रेस के दिग्विजयसिंह ने तो मध्यप्रदेश को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया था। इसके बाद कमलनाथ ने भी 15 माह में भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ही बंद कर दिया था। अब मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने गरीबों की बेहतरी के लिए फिर से इन योजनाओं को शुरू किया है। 

चुनाव जनता लड़ रही है, भाजपा का तो बैनर हैः डॉ. शिशुपाल यादव

सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी डॉ. शिशुपाल यादव ने कहा है कि यह चुनाव मैं नहीं लड़ रहा हूं, चुनाव तो क्षेत्र की जनता लड़ रही है और इसमें भाजपा का बैनर है। उन्होंने कहा कि मैंने हमेशा से क्षेत्रवासियों की सेवा की है। चाहे दिन हो या रात हर समय मदद के लिए तत्पर रहा हूं, लेकिन इस बार उनसे आशीर्वाद मांग रहा हूं, ताकि भाजपा के साथ मिलकर लोगों के जीवन में खुशियां भर सकूं। उन्होंने सभा में उपस्थित जनसमूह से जीत का आशीर्वाद मांगा और भाजपा को वोट देने की अपील की। 

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र खटीक, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लालसिंह आर्य, प्रदेश सरकार के मंत्री श्री गोपाल भार्गव, श्री विश्वास सारंग, डॉ. प्रभुराम चौधरी, श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, श्री भारत सिंह कुशवाह, प्रदेश महामंत्री श्री हरिशंकर खटीक, प्रदेश मंत्री श्रीमती ललिता यादव, पूर्व विधायक श्रीमती अनिता नायक, श्री प्रभुदयाल कुशवाह, श्री अनिल जैन, श्री राकेश गिरी, श्री राहुल सिंह, श्री शैतान सिंह, श्री गणेश सिंह नायक, श्री अनिल पांडे, श्री हरगोविंद सिंह कुशवाह, श्री नंदलाल सिंह कुशवाह, श्री महेश केवट, श्रीमती रोशनी यादव, श्री अखिलेश अयाची, श्री ओमप्रकाश रावत, श्री नंदकिशोर, श्री वीरेंद्र अहिरवार, श्री हरिशचंद्र कुशवाह, श्रीर राजेश साहू, श्री धर्मेंद्र वंशकार सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद रहे

Follow Us On You Tube